एहसास यानि आपकी अनुभूतियां। अनुभूतियां जब शब्दों के साथ लय और तुक में ढलने लग जाती हैं तो वे हमारे सामने शायरी या कविता के रूप में दिखाई-सुनाई पड़ती हैं। क्योंकि शायर या कवि अपनी कल्पनाशक्ति और भाषिक योग्यता के बल पर जीवन के कई ओर-छोर को लयात्मकता में ढालता है। पेश है एहसास-ए-ज़िंदगी पर 20 चुनिंदा शेर...
निगाहों में चमक दिल में ख़ुशी महसूस करता हूँ
कि तेरे बस में अपनी ज़िंदगी महसूस करता हूँ
-क़तील शिफ़ाई
जागना भी कबूल है तेरी यादों में रात भर,
तेरे एहसासों में जो सुकून है वो नींद में कहाँ
-अज्ञात
सब अपने आईने उसने मुझी को सौंप दिए
उसे शिकस्त का एहसास था बहुत गहरा
- फ़ज़ा इब्न-ए-फ़ैज़ी
अपनी हालत का ख़ुद एहसास नहीं है मुझ को
मैं ने औरों से सुना है कि परेशान हूँ मैं
- आसी उल्दनी
मुझ को एहसास है लेकिन तुझे एहसास नहीं
तेरे दामन की हवा मेरे लिए रास नहीं
- नरेश कुमार शाद
इसी कमी का है एहसास और हैरानी
हैं और तो सभी मौजूद हम किधर गए हैं
- ज़फ़र इक़बाल
मुझे ये डर है दिल-ए-ज़िंदा तू न मर जाए
कि ज़िंदगानी इबारत है तेरे जीने से
- ख़्वाजा मीर 'दर्द'
मिले जब तुम तो ये एहसास जागा
अब आगे का सफ़र तन्हा नहीं है
- अब्दुल्लाह जावेद
ख़ुदा ऐसे एहसास का नाम है
रहे सामने और दिखाई न दे
- बशीर बद्र
मेरी बहकी हुई बातों का बुरा मत मानो
मेरे एहसास को तहज़ीब कुचल देती है
- अख़्तर पयामी
मेरे एहसास में कोहराम मचा है लेकिन
कोई आवाज़ सुनाई नहीं देती मुझ को
- क़तील शिफ़ाई
मेरे एहसास पे भी बर्फ़ जमी है जैसे
आँच देता नहीं जज़्बात को कोई मौसम
- शाहिद अख़्तर
अपने एहसास की तहरीक पे शरमाती हुई
अपने क़दमों की भी आवाज़ से कतराती हुई
- वसीम बरेलवी
इतनी तन्हाई का एहसास मुसलसल हो अगर
अपने साए से भी डर जाता है इंसाँ जानाँ
- अमानुल्लाह ख़ालिद
पहले भी कभी नूर का एहसास हुआ था
या आज ही इस ग़म से ख़बर-दार हुए हो
- शहज़ाद अहमद
इतना सन्नाटा कि एहसास का दम घुटता है
सुब्ह का ज़िक्र करो शाम की कुछ बात करो
- अरशद सिद्दीक़ी
एक हल्की सी चुभन एहसास को घेरे रही
गुफ़्तुगू में जब तुम्हारा ज़िक्र आया इस तरफ़
- नोशी गिलानी
इक उम्र से रोया हूँ न तड़पा हूँ में 'शहज़ाद'
एहसास का बादल कभी बरसा है न गरजा
- शहज़ाद अहमद
कौन था जो मिरे एहसास को रौशन करता
उम्र भर सिर्फ़ मिरा दिल ही जला है मुझ में
- मसूदा हयात
वो रफ़्ता रफ़्ता ज़िंदगी से दूर क्या हुए
एहसास ज़िंदगी का भी मरता चला गया
- शौक़ मुरादाबादी
आगे पढ़ें
कमेंट
कमेंट X