टिहरी बांध की झील में कोटीकॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग की पहल पर पर्यटन विभाग के सहयोग से 14 दिवसीय जल स्कीइंग प्रशिक्षण के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई। टिहरी झील में देश के विभिन्न राज्यों के 21 प्रशिक्षुओं को जल स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने कहा कि कोटीकॉलोनी जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। झील का पानी और प्राकृतिक वातावरण जल क्रीड़ा प्रशिक्षण के लिए अनुकूल है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 14-14 दिन के तीन चरणों में जल स्कीइंग प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। बताया इस वर्ष प्रशिक्षण के लिए देशभर से 25 युवाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से 21 ने संस्थान में उपस्थिति दर्ज कराई है।