थाना मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी में गंगा नदी में नहाते समय एक युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। वह व्यक्ति शिवपुरी स्थित बंजी कंपनी में कार्यरत है। एसडीआरएफ की ओर से गंगा नदी में सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन कुछ पता नहीं चला। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार, बंजी कंपनी में कार्यरत दो कर्मचारी हरीश उनियाल (34) वर्ष पुत्र परमानंद उनियाल, वर्तमान निवासी चौदहबीघा ऋषिकेश, मूल निवासी चाका गजा, नरेंद्रनगर और उनके साथी बलजीत सिंह(40), निवासी आलमबाग, लखनऊ अवकाश पर थे। दोपहर में दोनों दोस्त शिवपुरी चौकी के पास नदी में स्नान करने पहुंचे थे। नदी में नहाने के दौरान अचानक हरीश उनियाल का संतुलन बिगड़ गया। वह गंगा नदी की तेज धारा में बहने लगा। हरीश को बहता देख उसके साथी बलजीत सिंह शोर मचाया, मामले की सूचना पुलिस को दी। दोपहर लगभग 03:05 बजे सूचना मिलते ही एसडीआरफ ढालवाला की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सर्च अभियान चलाया। लेकिन हरीश का कहीं पता नहीं चला।