पिथौरागढ़ में सस्ता गल्ला की दुकानों में लटके ताले खुल गए हैं। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने बैठक कर आपदाकाल को देखते हुए राशन वितरण करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जिले के लोगों को मानसूनकाल में दिक्कत न हो, इसके लिए उन्होंने राशन वितरण करने का फैसला लिया है। कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे फिर से आंदोलन शुरू कर देंगे। जिले के सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय में संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज पांडे की अध्यक्षता में बैठक की। पांडे ने कहा कि आपदाकाल के मद्देनजर डीएम के अनुरोध के बाद सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने राशन वितरण करने का फैसला लिया है। जिले भर में बंद 780 सस्ता गल्ला की दुकानों के ताले खुलने से डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ताओं के साथ ही शासन-प्रशासन को राहत मिली है। बैठक में कैलाश जोशी, ललित महर, राजेंद्र बिष्ट, गणेश कन्याल, भुवन भंडारी, दीवान सिंह, कृष्णानंद, पीयूष पाटनी सहित अन्य सस्ता गल्ला विक्रेता शामिल रहे।