श्रीनगर। रक्षाबंधन पर श्रीनगर के बाजार राखियों के रंग में रंगने लगे हैं। दुकानों पर कहीं अमेरिकन डायमंड की चमक ग्राहकों को आकर्षित कर रही है तो कहीं चंदन की राखी अपनी सादगी और खूबसूरती से बहनों की पसंद बन रही है। भाई की कलाई इस बार कुछ अलग और खास दिखे, इसी चाह में बहनें अभी से बाजार में नई डिजाइन और वैरायटी खंगाल रही हैं। शहर के बाजार में राखी विक्रेताओं ने भी रक्षाबंधन को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। दुकानों पर अमेरिकन डायमंड, चंदन, स्टोन-नग, लुंबा, भैया-भाभी की जोड़ी और गिफ्ट पैक वाली राखियों की भरमार है। एक से बढ़कर एक डिजाइन के बीच बहनों के लिए पसंद की राखी चुनना भी आसान नहीं है। कोई चमकदार राखी पसंद कर रही है तो कोई पारंपरिक डिजाइन पर अपना दिल हार रही है। खास बात यह है कि इस बार राखी खरीदने पहुंच रहीं बहनें कीमत से ज्यादा डिजाइन, क्वालिटी और भाई की पसंद को तरजीह दे रही हैं।