नैनीताल मॉल रोड पर जाम लगने से रविवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पर्यटक वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते करीब एक घंटे तक मॉल रोड से मल्लीताल तक वाहन रेंगते रहे। जाम में निजी वाहन, टैक्सी और दोपहिया वाहनों के साथ एक एंबुलेंस भी फंस गई जिससे मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को मॉल रोड पर जू जाने वाले मार्ग के पास विपरीत दिशा से आने वाले चारपहिया वाहनों के चलते यातायात प्रभावित हुआ। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण स्थानीय लोगों, पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान रैमजे अस्पताल की ओर जाने वाली एंबुलेंस भी देर तक जाम फंसी रही। वहीं मल्लीताल कोतवाली के समीप सड़क किनारे पार्क वाहनों के चलते भी जाम की स्थिति बनी रही। यातायात पुलिस और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने का प्रयास किया जिसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। वहीं, अपर मॉल रोड पर सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहन के कारण जाम की स्थिति बन गई। कई बार मुनादी कराने के बावजूद वाहन स्वामी नहीं पहुंचा जिसके बाद पुलिस ने वाहन को टो कर हटाया। मामले में वाहन स्वामी अशोक कुमार निवासी हरियाणा के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मॉल रोड पर गलत तरीके से पार्क 10 अन्य वाहनों के चालान किए गए। टीएसआई हरीश फ़र्त्याल ने बताया कि रविवार को वाहनों के दबाव के चलते जाम की समस्या बनी रही।