चंपावत। कोतवाली क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के बाद गर्भवती होने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने 16 वर्षीय किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस ने विधि विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। शनिवार को नगर निवासी पीड़िता की मां ने कोतवाली चंपावत में तहरीर देकर बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से चली गई है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल रहा है। तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। मामले में एसपी रेखा यादव ने कोतवाली प्रभारी को किशोरी की बरामदगी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। सीओ देवेंद्र सिंह कप्रवाण के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई। सोमवार को पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी को 16 वर्षीय किशोर के साथ नगर क्षेत्र से बरामद कर लिया। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में किशोरी के चार माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 16 वर्षीय किशोर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद विधि विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। बोर्ड के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह हरिद्वार भेज दिया गया है। --------------- वर्जन : पुलिस को 15 वर्षीय किशोरी लापता होने की सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गठित की गई और गुमशुदा किशोरी को बरामद कर लिया गया। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके चार माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मामले में विधि विवादित किशोर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उसे बाल सुधार गृह हरिद्वार भेज दिया गया। - रेखा यादव, एसपी, चंपावत