बागेश्वर विकासखंड सभागार में भाजपा का महिला सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं को आत्मनिर्भर भारत और घर-घर स्वदेशी का संदेश दिया गया। महिला सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने स्वदेशी के संकल्प की जानकारी दी। भाजपा की जिलाध्यक्ष प्रभा गढि़या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी का संदेश दिया है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाओं का संचालन कर रही है। कहा कि नौकरी हो या स्वरोजगार हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपना दबदबा बनाया है। मुख्य वक्ता बसंती देवी ने कहा कि पर्वतीय महिलाओं की मेहनत, त्याग और नेतृत्व क्षमता की मिसाल दी जाती है। अब महिलाएं खेती, पशुपालन के साथ-साथ लघु उद्यम अपनाकर परिवार की आर्थिकी को मजबूत कर रही हैं। कार्यक्रम संयोजक दीपा आर्या ने प्रधानमंत्री के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने को कहा। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, जिला महामंत्री संजय परिहार, घनश्याम जोशी, हेमंत खेतवाल, नीमा धपोला, प्रेमा परिहार, जीवंती कांडपाल, नीमा दफौटी, भगवती धपोला आदि रहीं।