अल्मोड़ा के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा परिसर से शुक्रवार को भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 161 बेलनाकार पैकेट मिले हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह को झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट और अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। उधमसिंह नगर तथा नैनीताल जिलों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड टीमें मौके पर पहुंचीं। डॉग मौली और रैम्बो की मदद से विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी में पहले स्थान से कुछ पैकेट और लगभग 15-20 फीट आगे दूसरे स्थान से और पैकेट बरामद हुए। कुल 161 विस्फोटक पैकेट बरामद हुए।