दुलहीपुर क्षेत्र के बावनबीघा स्थित कुएं में बालक के गिरने की सूचना पर बृहस्पतिवार को भारी भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान की ओर से मोटर लगवाकर सात घंटे तक कुएं का पानी निकाला गया। आखिरी में अंदर कुछ नहीं मिला। पुलिस भी मौके पर मौजूद थी वहीं कुएं के बाहर एक छोटे बच्चे का चप्पल भी पड़ा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बावबीघा में अंग्रेजों के समय का पुराना कुआं है। उसके पास रहने वाली राधिका ने बृहस्पतिवार की सुबह 7:30 बजे के करीब लोगों को बताया कि कुएं के पास एक बच्चा बैठा था। थोड़ी देर बाद वह नहीं था। ऐसा लग रहा है कि बच्चा कुएं में गिर गया है। सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुएं के पास एक बच्चे की चप्पल भी पड़ी थी, जिससे लोगों को विश्वास हो गया कि कोई बच्चा कुआं में गिरा हुआ है। ग्राम प्रधान ने नौ बजे के करीब मोटर लगवाकर कुएं का पानी निकलवाना शुरू किया। इसी बीच सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शाम चार बजे तक कुएं का सारा पानी निकाल लिया गया। पास का युवक जलालुद्दीन सीढ़ी डालकर कुएं के अंदर गया और काफी तलाश किया लेकिन कुछ नहीं मिला। लोगों के बीच अब भी चर्चा है कि अगर बच्चा नहीं है तो चप्पल किसकी थी। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।