सोनभद्र। कानपुर के कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार एडवोकेट की हत्या के विरोध में मंगलवार को सोनभद्र के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कोर्ट और तहसील परिसर से जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित चार सूत्री मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को सौंपा। अधिवक्ताओं की सुरक्षा पर जताई चिंता सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव की अध्यक्षता और महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी के संचालन में प्रदर्शन हुआ। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एक नवंबर को कानपुर के कालपी में बार एसोसिएशन अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से वकील समाज में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अधिवक्ता खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। चार सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन अधिवक्ताओं ने राज्यपाल से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने, मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शन में गोविंद प्रसाद मिश्र, राकेश शरण मिश्र, ओमप्रकाश त्रिपाठी, विनोद शुक्ला, अखिलेश मिश्रा, सुजीत मिश्रा, रमेश प्रसाद चौबे, अखिलेश पांडेय, प्रभाकर श्रीवास्तव, रोशनलाल यादव, बिंदु यादव, कंचन सिन्हा समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।