सिंचाई विभाग संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले बुधवार को कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शासनादेश 14 मई के जरिए विभाग के कई महत्वपूर्ण पदों को अनुपयोगी घोषित कर समाप्त कर दिया गया है। इनमें उप राजस्व अधिकारी, जिलेदार, मुंशी, हेड मुंशी, नलकूप चालक, सींचपाल, मिस्त्री कम ड्राइवर जैसे अहम पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस आदेश के चलते विभागीय कर्मचारियों में असंतोष है। राकेश सिंह ने बताया कि इस आदेश के बाद से ही कर्मचारी संगठन लगातार विरोध कर रहा है। बावजूद अब तक शासन की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन पदों को समाप्त किया गया है, वे विभाग की रीढ़ माने जाते हैं। इन पदों के बिना नहरों, लघु डाल नहरों और राजकीय नलकूपों का संचालन, रख-रखाव और सुरक्षा बुरी तरह प्रभावित होगी। संघर्ष समिति ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से पद समाप्ति के आदेश को निरस्त किया जाए और रिक्त पदों को भरने की दिशा में कदम उठाया जाए। इस दौरान संजय कुमार चौबे, राजेश कुमार सिंह, ओमप्रकाश, अखिलेश चौबे, अजय कुमार, अश्वनी कुमार, रवि कुमार वर्मा, अजय कुमार भारती आदि मौजूद रहे।