जुगैल थाना क्षेत्र के महलपुर गांव में बिजुल नदी पुल के पास शुक्रवार को भरहरी मार्ग पर ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ऑटो सवारियां लेकर चोपन से कुड़ारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुड़ारी की ओर से एक कार चोपन की तरफ आ रही थी। बिजूल नदी पुल के पास दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जुगैल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी चोपन पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में परसवा निवासी सहजादा मिश्रा (67), कुर्छा निवासी राकेश (42), उसकी पत्नी राजकुमारी (40), कमली (22), शीतल (23), चौरा निवासी सुनीता (26) शामिल हैं। पुलिस ने दुर्घटना की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।