शामली जनपद के कैराना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ रुपए की स्मैक बरामद की है। यह खेप हरियाणा से कूरियर के जरिए कैराना पहुंचाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, कूरियर पैकेट में भेजे गए इस सामान में कुल 4 किलो 102 ग्राम स्मैक छिपाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर खुरगान रोड से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान हरियाणा और कैराना के रहने वाले दो युवकों के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय है और आधा दर्जन से अधिक तस्कर अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। बरामदगी के बाद कैराना पुलिस ने नशा तस्करी नेटवर्क पर तगड़ा प्रहार किया है।