शाहजहांपुर की रोजा मंडी में धान की आवक बढ़ने से जगह की किल्लत हो गई है। शनिवार दोपहर 12 बजे मंडी के प्रवेश द्वार पर धान लेकर आने वाले किसानों के वाहनों को रोक दिया गया, जबकि धान का उठान करने वाले खाली वाहनों को प्रवेश दिया गया। इससे मंडी गेट के बाहर पुराने हाईवे पर दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। रोजा मंडी में व्यवस्था के तहत रात 12 बजे से दोपहर 12 बजे तक धान लेकर आने वाले किसानों की ट्रॉलियों और अन्य वाहनों को प्रवेश दिया जाता है। वहीं, दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक धान का उठान करने के लिए खाली वाहनों को मंडी में जाने की अनुमति रहती है। शनिवार को धान की आवक अधिक होने के कारण मंडी परिसर में जगह कम पड़ गई। ऐसे में मंडी प्रशासन ने कुछ समय के लिए किसानों के वाहनों को प्रवेश देने से रोक दिया और धान का उठान कराने पर जोर दिया, ताकि परिसर में जगह खाली हो सके। मंडी सचिव धनंजय सिंह ने बताया कि धान की आवक अचानक बढ़ने से मंडी में जगह की समस्या हो गई है। धान का उठान कराना भी जरूरी है। जगह खाली होते ही किसानों के वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा।