शाहजहांपुर में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह को सौंपा। इसमें पंचपीर तिराहा से चांदनी वाली पुलिया तक नाले व सड़क निर्माण कार्य में मकान-दुकान तोड़े जाने का विरोध किया। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार यादव ने कहा कि पंचपीर तिराहा से चांदनी वाली पुलिया तक नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान बिना किसी नोटिस के मकान-दुकान को तोड़ा जा रहा है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। गत वर्ष रोड के दोनों तरफ नालों का निर्माण किया गया था। इसके आधार पर लोगों ने अपनी दुकान और मकान का निर्माण किया था। अब नगर निगम द्वारा नाले को तोड़कर मकान की तरफ बढ़ाया जा रहा है, जिससे लोगों के मकानों और दुकानों को बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है। सभी भवनस्वामियों के पास बैनामे के साथ नगर निगम के दाखिल खारिज भी हैं। ज्ञापन देने वालों में अरविंद, रोहित, अवनीश, हरिपाल, रेहान, मुकेश सहित कई लोग मौजूद रहे।