रायबरेली में सतांव विकास क्षेत्र के अटौरा बुजुर्ग विद्युत उपकेंद्र पर रविवार को भारतीय किसान विकास एसोसिएशन के बैनर तले किसानों ने धरना प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने अपना ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपा। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष करुणा शंकर तिवारी के निर्देशन और जिला अध्यक्ष नीरज पटेल की अगुवाई में सैकड़ों किसान उपकेंद्र पर पहुंचे। जिला अध्यक्ष नीरज पटेल ने बताया कि पिछले कई दिनों से उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बिना किसी पूर्व सूचना के रोस्टिंग और रात में अघोषित कटौती की जा रही है। नीरज पटेल ने कहा कि इस समय धान की फसल में बाली निकलने का समय है। इस समय फसल को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, लेकिन बिजली न आने से किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। दो दिन की बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन विभाग की कटौती जस की तस बनी हुई है। ब्लॉक अध्यक्ष मिथलेश कुमार शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बड़ी गंभीर है। सुबह-शाम बिना सूचना के बिजली गायब हो जाती है। उन्होंने बताया कि शाम के समय कटौती से स्कूली बच्चों की पढ़ाई, घरेलू काम और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अघोषित कटौती बंद कर रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं सुधारी गई तो एसोसिएशन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।