कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर में पैदल मार्च निकाला। बताया कि संविधान के तहत प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार है। आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां की जा रही है। इस दौरान कांग्रेसियों ने मतदान अधिकार की रक्षा का संकल्प लिया। कोठीवाल नगर स्थित कैंप कार्यालय से कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर और महानगर अध्यक्ष जुनैद कुरैशी के नेतृत्व में मंगलवार की दोपहर कांग्रेसियों ने पैदल मार्च निकाला। कांग्रेसियों का जुलूस टाउन हॉल, जीएमडी रोड, ताड़ीखाना, कोर्ट रोड होते हुए गुरहट्टी स्थित जिला कार्यालय पर जाकर समाप्त हुआ। इस बीच रास्ते में कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। नारेबाजी को देखते हुए पुलिस फोर्स ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने घेरे में ले लिया।