मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद प्रभावित मकान मालिकों और व्यापारियों के पुनर्वास का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। गुरुवार को गढ़ रोड स्थित होटल सम्राट स्वीट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ध्वस्तीकरण के बाद पुनर्वास और आवासीय भवनों के नियमितीकरण को लेकर जानकारी दी गई। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि आवास एवं विकास परिषद की शास्त्रीनगर आवासीय योजना में प्रत्येक सेक्टर में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और स्थल निर्धारित थे, लेकिन कुछ लोगों ने आवासीय मकानों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं और आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक भवनों का निर्माण कराया। वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों को पानी और बिजली के कनेक्शन सहित जनोपयोगी सुविधाएं भी मिलती रहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में ध्वस्तीकरण के बाद प्रभावित लोगों के पुनर्वास, अन्य भवनों को जारी नोटिस और उत्तर प्रदेश शासन की ओर से 22 सितंबर 2026 को जारी नियमितीकरण पॉलिसी पर भी चर्चा की गई।