मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को मखदूमपुर नहर पुल के पास चेकिंग के दौरान पशुओं से लदी पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के दौरान आरोपी अनिल के दाहिने पैर में चोट लग गई। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मेरठ भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल, अंश, वाशू, हर्ष और गौरव के रूप में हुई है, जबकि लाल उर्फ बिलाल, सलीम और मुल्ला फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच पशु, 25 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त पिकअप, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।