मथुरा। अक्षय नवमी पर मथुरा की पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। दिनभर परिक्रमा करने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। रात ढलने के साथ ही परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की कतारें नजर आईं। हाथों में माला, मुख पर थकान और हृदय में कान्हा के प्रति अटूट आस्था लिए श्रद्धालु कदम बढ़ाते रहे। कोई परिवार के साथ परिक्रमा कर रहा था तो कोई समूह में भजन गाते हुए आगे बढ़ रहा था। ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। पैरों में दर्द और थकान के बावजूद भक्तों के कदम नहीं रुके। श्रद्धालु मंदिरों के दर्शन करते और भगवान श्रीकृष्ण से मनोकामना मांगते हुए परिक्रमा पूरी करने में जुटे रहे। रात में भी परिक्रमार्थियों की निरंतर आवाजाही ने धर्मनगरी की आध्यात्मिक छटा को और गहरा कर दिया। अक्षय नवमी पर पुण्य लाभ की कामना लेकर निकले श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण देखते ही बन रहा था।