मथुरा के छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिक परिषद के बैनर तले मिल गेट पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को जन आंदोलन में तब्दील हो गया। क्षेत्रीय ग्रामीण और किसान भारी संख्या में धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। रविवार को क्षेत्र के गांव नगला बिरजा, फालेन, लाडपुर, आजई सहित कई अन्य गांवों से हजारों की संख्या में किसान, युवा और महिलाएं एकजुट होकर शुगर मिल गेट पर पहुंचे। किसान हाथों में गन्ने, लाठियां और डंडे लेकर पहुंचे। इस दौरान महिलाओं का उत्साह भी देखने लायक था, जो लोकगीत गाते हुए जुलूस के रूप में प्रदर्शन में शामिल हुईं।