मथुरा में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल के दौरान ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं मिलती रहेंगी। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तर प्रदेश ने ग्राहकों से डिजिटल और वैकल्पिक बैंकिंग माध्यमों का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है। हड़ताल से पहले बैंकिंग काम निपटाने के लिए रविवार को भी बैंक खुले रहेंगे। 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक ग्राहकों की सुविधा के लिए काम करेंगे। ऐसे में ग्राहक हड़ताल से पहले जरूरी लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्य कर सकेंगे। हड़ताल के दौरान एटीएम से लेन-देन पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिये 24 घंटे लेन-देन किया जा सकेगा। मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग भी चालू रहेगी। बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) और व्हाट्सएप बैंकिंग के माध्यम से भी कई सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।