मैनपुरी के किशनी में रविवार को अचानक माैसम बदल गया। दोपहर साढ़े 12 बजे से अचानक तेज बरसात शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में तेज बारिश से नगर की गलियां और सड़कें पानी से सराबोर हो गईं। दो घंटे की बरसात से नाले और नालियों का पानी जलभराव होने के चलते घरों में घुसने लगा। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खिले नजर आए। किसान केदार पाल व धीरेंद्र कठेरिया ने बताया कि इस बार बहुत कम बारिश हुई और सूखे का अंदेशा हो रहा था। लेकिन मानसून के अंतिम समय में लगातार बारिश से धान की फसल को फायदा होगा और उन्हें सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। रविवार को बारिश होने से उन्हें कई दिनों तक के लिए राहत मिल गई है।