मैनपुरी में विकासखंड करहल परिसर में सात दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा नेता अनुजेश प्रताप सिंह यादव रहे। खंड विकास अधिकारी नवनीत गौतम ने उनका स्वागत किया। अभियान के दौरान कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, आयुष्मान कार्ड, फार्मर आईडी, फैमिली आईडी, आय-जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आधार और मतदाता सूची सहित करीब 12-13 विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों का मौके पर पंजीकरण और आवेदन कराया गया। स्वास्थ्य जांच तथा आयुष्मान कार्ड पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रही। आंगनबाड़ी विभाग ने महिलाओं को फल व टोकरी वितरित की। मुख्य अतिथि अनुजेश प्रताप सिंह यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। बीडीओ नवनीत गौतम ने बताया कि सात दिनों तक अभियान के तहत ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष कल्पेन्द्र भारती, एडीओ आईएसबी भुवनेश कुमार, एडीओ पंचायत गौरव कुमार, एडीओ कृषि विनीत कुमार आदि माैजूद रहे।