लखीमपुर खीरी के मेला मैदान में मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इससे पहले को मेला मैदान में रामलीला में अंगद रावण संवाद और राम-रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। मंचन के दौरान पास में ही बनी सोने की लंका को आग के हवाले किया गया। बाद में श्रीराम के भेष में मौजूद बाल कलाकार ने एक तीर रावण के पुतले की तरफ छोड़ा और धू-धूकर रावण का पुतला जल गया। इस दौरान कमेटी के मुख्य सरवराकार विपुल सेठ, किशन सेठ, अभिषेक सेठ समेत तमाम लोग मौजूद रहे। शहर की 162 वीं ऐतिहासिक रामलीला के तहत आयोजित रावण दहन कार्यक्रम को देखने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लोगों में उत्साह दिखाई दिया।। जैसे ही रावण का पुतला आग की लपटों से घिरा, लोगों ने जय श्रीराम के उद्घोष किए। विजयादशमी पर हुए इस आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। रावण दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। रामलीला कमेटी की ओर से भी आयोजन को लेकर इंतजाम किए गए। लोगों ने परिवार के साथ पहुंचकर रावण दहन देखा।