लखीमपुर खीरी जिले के बेलरायां वन रेंज के मंझरा पूरब गांव में एक फार्म के आंगन में तेंदुआ घुस आया। इस दौरान घर में मौजूद लैब्राडोर कुत्ता तेंदुए के सामने डट गया और जोर-जोर से भौंकने लगा। कुत्ते के तेवर देखकर तेंदुआ बिना हमला किए उल्टे पांव लौट गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। मंझरा पूरब निवासी गुरमीत सिंह पुत्र वीर सिंह के फार्म पर हुई इस घटना घर मे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी, जिसका एक वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया। रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि फॉरेस्टर इसरार हुसैन, अजीज, अमरिका प्रसाद और मेड़ई लाल समेत वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।