कासगंज। मौसम ने शुक्रवार को अचानक पलटी मारी। सूखे पड़े आसमान से बारिश की बौछारें गिरीं तो लोगों को गर्मी से राहत मिली। चुभती गर्मी झेल रहे लोगों को मौसम ने एक झटके में बड़ी राहत दी है, लेकिन यह राहत अब आफत में बदलती दिख रही है। मानसून की विदाई के बाद अचानक सक्रिय हुए नए वेदर सिस्टम से जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। रातभर हुई तेज बारिश से जहां एक तरफ पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई, वहीं गांव बिरहरा में दो मकान का लिंटर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। जगह-जगह जलभराव से लोगों को दिक्कतें हुई। पारे में गिरावट से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा।