शिवली-रूरा मार्ग पर देवीपुर गांव के पास रविवार सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार बुक स्टोर संचालिका की मौत हो गई। हादसे से नाराज परिजन ने मुआवजे की मांग कर हंगामा कर दिया। पुलिस के समझाने पर बात न बनने पर पूर्व सांसद व मैथा तहसीलदार की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया तब चार घंटे बाद परिजन ने पुलिस को शव उठाने दिया। रूरा थाना क्षेत्र के कुडरा वीरपुर नकसिया निवासी देवेंद्र पाल ने बताया कि भाई सर्वेश पाल पंजाब में प्राइवेट नौरकी करते हैं। जबकि भाभी उषा पाल (35) देवीपुर स्थित इंटर कॉलेज के पास बुक स्टोर का संचालन करती थीं। रविवार सुबह भाभी बाइक सवार से लिफ्ट लेकर बुक स्टोर पर जा रही थीं। देवीपुर गांव के पास पहुंचने पर सुबह करीब 11:30 बजे के करीब शिवली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे भाभी बाइक से उछल कर दूर जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। डर के चलते बाइक सवार मौके से भाग निकला। अनहोनी पर पति सर्वेश, बेटे अनुज, अंशु, अमन व परिजन रोने लगे। परिजन ने मुआवजा दिलाए जाने की मांग कर शव सड़क किराने रख लिया और बच्चों के भविष्य के लिए मुआवजे की मांग पर अड़ गए। मौके पर आई रूरा व शिवली थाना पुलिस ने परिजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानें। इधर, जानकारी पाकर पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी और मैथा तहसीलदार संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलवाने का आश्वासन देकर नाराज परिजन को शांत करवाया। रूरा थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मैथा एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि महिला को कृषक दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाया जाएगा।