चांदनपुर गांव में सरकारी नवीन परती भूमि पर आरसीसी पिलर लगाकर कब्जा करने का मामला सामने आया है। राजस्व टीम जब शुक्रवार को कब्जा हटाने पहुंची तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। लेखपाल की तहरीर पर महाराजपुर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजस्व अभिलेखों में आराजी संख्या 181 रकबा 0.084 हेक्टेयर नवीन परती के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के रामविलास पुत्र कल्लू, मोहित यादव पुत्र रामविलास, रीशु यादव पुत्र रामदास, गुड़िया पत्नी रामविलास और सुंदारा पत्नी रामविलास ने पिलर लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया। इस भूमि से पहले भी अतिक्रमण हटाया जा चुका है। पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा कब्जा हटवाया जा रहा था इसी दौरान आरोपियों द्वारा राजस्व टीम के साथ गाली गलौच की गई जिसके बाद लेखपाल की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।