बृजेंद्र स्वरूप पार्क में बने अंबेडकर पार्क के गेट पर लगे साइन बोर्ड में महापौर के बेटे अमित पांडेय की फोटो को लेकर विवाद बढ़ गया है। शनिवार को हुई शिकायत के बाद सोमवार को वार्ड-15 के निवासी नगर निगम पहुंचे। उन्होंने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और महापौर प्रमिला पांडेय से मिलकर ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रीय निवासी राजीव कुमार ने कहा कि फोटो स्थानीय लोगों के निजी सहयोग से लगाई गई है। फोटो लगाने के लिए नगर निगम से किसी तरह की वित्तीय सहायता, अनुदान या सरकारी सहयोग नहीं लिया गया। बोर्ड में महापौर प्रमिला पांडेय और पार्षद सौरभ देव की फोटो भी है। महापौर ने बताया कि मेट्रो कार्य के दौरान पार्क खराब हुआ था, जिसके बाद पार्षद सौरभ देव ने अंबेडकर की प्रतिमा लगवाई। सहयोग करने वालों की फोटो बोर्ड पर लगाई गई है। इससे पहले शनिवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जन कल्याण समिति के उपाध्यक्ष रोशन लाल कुरील ने बोर्ड की जांच की मांग की थी।