छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में सामाजिक संस्था ‘प्रयत्न’ के सहयोग से 30 अक्तूबर से तृतीय अंतरराष्ट्रीय वेलनेस कॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा। भारत समेत आठ देशों के विशेषज्ञ सम्मेलन में स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखेंगे। 11 पद्म पुरस्कार प्राप्त हस्तियां भी इसमें शामिल होंगी। यह जानकारी सीएसजेएमयू कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बुधवार को प्रेसवार्ता में दी। प्रो. पाठक ने बताया कि सम्मेलन में स्वास्थ्य को शारीरिक, भावनात्मक, सामाजिक, बौद्धिक, व्यावसायिक, वित्तीय, पर्यावरणीय और आध्यात्मिक आयामों को समझने पर चर्चा होगी। सम्मेलन का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति समग्र दृष्टिकोण विकसित करने के साथ शोध, ज्ञान और समाज के बीच संवाद को मजबूत करना है। सम्मेलन के संयोजक डॉ. प्रवीण कटियार ने कहा कि सम्मेलन में 61 वैज्ञानिक सत्र होंगे जिनमें 64 वक्ता अपने विचार रखेंगे। करीब 400 शोध सारांश प्राप्त हुए हैं। आयोजन अध्यक्ष प्रो. संदीप सिंह ने कहा कि सम्मेलन में वैज्ञानिक विमर्श के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां भी होंगी। 30 अक्तूबर को ‘वेलनेस उत्सव’ में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 31 अक्तूबर को स्वास्थ्य, वेलनेस और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को ‘वेलनेस लॉरिएट्स’ सम्मान दिया जाएगा। ‘वेलनेस लाइव’ के तहत विशेष लाइव प्रस्तुति भी होगी। वार्ता में मुख्य रूप से प्रति कुलपति प्रो. सुधांशु पांड्यया, रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा, सीडीसी डॉ. आरके द्विवेदी, डॉ. वंदना पाठक, प्रो. संदीप सिंह, प्रो. प्रवीण कटियार, प्रो. मुनीश रस्तोगी, प्रो. दिग्विजय शर्मा मौजूद रहे।