सावन के आखिरी सोमवार पर शिव भक्ति के आगे बदहाल व्यवस्था भी बौनी साबित हुई। महाराजपुर के सरसौल स्थित प्राचीन नंदेश्वर धाम में मध्यरात्रि से ही शिव भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर तक पहुंचने वाले जर्जर मार्ग और घंटों लंबे जाम ने श्रद्धालुओं की राह जरूर मुश्किल की, लेकिन आस्था नहीं डिगी। हजारों कांवड़िए और श्रद्धालु तमाम परेशानियों के बावजूद जलाभिषेक के लिए नंदेश्वर धाम पहुंचे।