बुढ़वा मंगल के अवसर पर आज नगर के सभी हनुमान मंदिरों में सुबह से ही राम भक्त हनुमान के दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान रामचरित मानस, सुंदरकांड पाठ आदि का आयोजन हुआ। जहां जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। भक्तों ने ढोलक की थाप और मंजीरों की झंकार के बीच संकीर्तन किया। जगह-जगह भंडारे का वितरण हुआ। जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। नगर के राजधानी मार्ग ऋषिनगर मोड़ के सामने स्थित दक्षिणेश्वर प्राचीन हनुमान मंदिर प्रांगण में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ प्रभु के दर्शन करने के लिए लगी रही। यहां दूर-दराज से लोग पहुंचे और सुंदरकांड पाठ पढ़ा। इस दौरान सुबह और शाम को हनुमान जी की विशेष आरती की गई जिसमें सैकड़ों लोगों शामिल हुए। पोनी तिराहा, नवीन गंगापुल मोड़, ब्रह्मनगर, डाकतार कॉलोनी, आजाद नगर पुलिया समेत अन्य कई जगहों पर स्थित हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। लोगों ने पूजन पाठ कर परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद राम भक्त हनुमान से मांगा। वहीं नगर के श्रीनगर, रामनगर, शक्ति नगर, आदर्श नगर रामगली, सर्वोदय नगर, ऋषिनगर, राजधानी मार्ग दुर्गा मंदिर समेत अन्य कई स्थानों पर भंडारे में बूंदी, पूरी, सब्जी आदि का वितरण लोगों के बीच प्रसाद के रूप में किया गया।