बघौली थाना क्षेत्र के बन्नापुर गांव में शनिवार शाम एक युवक शराब के नशे में चालीस फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तकरीबन आधा घंटे बाद युवक को नीचे उतार लिया। बन्नापुर निवासी राज कुमार (30) मजदूरी और खेती करता है। ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार शराब पीने का आदी है। शराब के नशे में धुत होकर वह शनिवार शाम गांव में ही घूम रहा था। इसी दौरान वह गांव में ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर लग गई। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से राज कुमार से बात करते रहे और उसे समझाबुझाकर नीचे उतार लिया। नीचे आने पर ही पता चला कि शराब के नशे में वह टावर पर चढ़ गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि सख्त हिदायत देते हुए परिजनों के हवाले कर दिया गया।