फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के बोद्याश्रम चौराहा स्थित प्रकाश टॉकीज के सामने रविवार सुबह खाली प्लॉट में पड़े थर्माकोल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और प्लॉट के आधे से अधिक हिस्से में फैल गई। थर्माकोल के जलने से उठे काले धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर की परिधि में दिखाई दिया। धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। वहीं, राहगीरों में भी बड़ी आग लगने की आशंका से अफरातफरी मच गई।