फिरोजाबाद। नारखी क्षेत्र में लगातार हुई तेज बारिश से मिर्च की फसल में गलन और रोग लगने से किसान परेशान हैं। राजपुर कोटला निवासी किसान नरेंद्र कुमार पुत्र मटर मल ने खराब हुई करीब 20 बीघा मिर्च की फसल को आखिरकार जुतवा दिया। किसान का कहना है कि फसल में लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी पैदावार हाथ में आने से पहले ही पूरी मेहनत बर्बाद हो गई। किसान नरेंद्र कुमार ने बताया कि तेज बारिश के बाद खेत में पानी भरने से मिर्च के पौधों में गलन शुरू हो गई। इसके साथ ही फसल में रोग फैल गया। कई बार दवा का छिड़काव करने के बावजूद फसल को बचाया नहीं जा सका। लगातार नुकसान होने के कारण मजबूर होकर 20 बीघा मिर्च की फसल जुतवा दी। किसान ने बताया कि मिर्च की खेती में लाखों रुपये खर्च करने के साथ ही कर्ज भी लिया था। फसल खराब होने से अब कर्ज चुकाने की चिंता सताने लगी है। किसान ने प्रशासन से फसल का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।