बदायूं में दो अप्रैल से लापता युवक शिवांशु गौतम (21) का हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार को बरेली के सुभाष नगर इलाके से बरामद हुआ। हत्या के बाद उसका शव बोरी में भरकर फेंका गया था। बताया जा रहा है कि शिवांश का कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उस लड़की का शिवांशु से पहले उसके दोस्त सनी कश्यप से प्रेम प्रसंग चला था। शिवांशु और सनी दोनों गहरे दोस्त थे। मृतक के भाई अभिषेक ने बताया कि शिवांश दो अप्रैल को दोस्त के घर जाने की बात कहकर गया था। घर से अकेले ही निकला था। उसका शव मिलने की सूचना पुलिस ने परिवार वालों को दी। अभिषेक ने आरोप लगाया कि सनी कश्यप और उसकी प्रेमिका ने हत्या कर शव फेंका है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।