बदायूं के कस्बा धुरेकी में रविवार सुबह चार बच्चों ने चूरन समझकर जहरीला पदार्थ चाट लिया, जिससे चारों बच्चे बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल में भेज दिया गया। धुरेकी निवासी राकेश के घर में रविवार दोपहर कुठिया से गेहूं निकाले गए थे। उन गेहूं में घुन मारने वाली जहरीली दवा की पुड़िया पड़ी थी। उस दौरान पड़ोसी सईद अहमद का बेटा जैद (4), बेटी अनाविया (2), संध्या (3) पुत्री राकेश और उसकी भाई रामा (2) वहीं खेल रहे थे। गेहूं निकालने के दौरान उनके हाथ में जहरीले पदार्थ की पुड़िया आ गई। बच्चे उसे खेल-खेल में उठा ले गए और उन्होंने चूरन समझ कर चाट लिया। जब कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ी। परिवार वाले उन्हें देखकर हैरान रह गए। वह सभी बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।