बदायूं के कुवरगांव क्षेत्र में एक सांड़ की नाक में किसी तरह दरांती फंस गई, जिससे वह घायल हो गया। रविवार को साप्ताहिक बाजार के आसपास रहने वाले लोगों ने सांड़ की हालत देखी तो तुरंत इसकी सूचना गोसेवा दल को दी। सूचना मिलते ही गोसेवकों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस व पशुपालन विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से सांड़ की नाक में फंसी दरांती को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इसके बाद पशु चिकित्सक द्वारा मौके पर ही सांड़ का उपचार किया गया। गोसेवा दल की तत्परता और पुलिस व पशुपालन विभाग के संयुक्त प्रयास से सांड़ को पीड़ा से राहत मिल सकी। स्थानीय लोगों ने टीम का धन्यवाद किया।