ज्ञानपुर जिले में उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पांच केंद्रो पर संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर केंद्रो पर सुबह से लेकर शाम तक गहमागहमी का माहौल रहा। मानविकी विषयों के अभ्यर्थियों को सवालों ने थोड़ा परेशान किया जबकि रिजनिंग और गणित के प्रश्न संतुलित रहे। दोनों पालियों में कुल 218 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। रविवार को सुबह सात बजे से ही विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर और जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के बाहर अभ्यर्थी और अभिभावक जमा हो गए। आठ बजे के बाद प्रवेश पत्र संग अन्य जांच होने पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली जबकि दूसरी पाली में दोपहर दो से पांच बजे तक परीक्षा हुई। दोपहर 12 बजे परीक्षा केंद्रो से बाहर निकले अधिकतर अभ्यर्थियों के चेहरे खिले रहे जबकि कुछेक चिंतित दिखाई दिए। अभ्यर्थियों ने बताया कि अपने विषय से जुड़े सवालों के जवाब तो आसानी से दे दिए, लेकिन दूसरे विषयों से जुड़े प्रश्नों ने उन्हें उलझाया। समसामयिक घटनाओं से जुड़े सवालों की अधिकता रही। नई शिक्षा नीति, समान नागरिक संहिता, महिला आईपीएस, चंद्रयान, आदित्य एल-1 से जुड़े सवाल पूछे गए। डीएम शैलेश कुमार, एसपी अभिमन्यु मांगलिक, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी शुभम बरनवाल ने जीआईसी, केएनपीजी में बनाए गए केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि पहली पाली में 2173 में 216 और दूसरी पाली में 2173 में 218 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली।