अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रूपईडीहा पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर मकान मालिक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए के फड़ पर रखे 61,320 रुपये नकद, गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी में 13,680 रुपये तथा 52 ताश के पत्ते और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कुल बरामद नकदी 75,000 रुपये है। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि जमोग बाजार में राजेश पुत्र स्वामी दयाल के मकान के अंदर कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नानपारा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। मकान के निचले तल पर बने हॉल में घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शान्तनू, शाबिर, सुल्तान, अरसद उर्फ सलमान, मुकेश, राजेश, सोनू, अनिश, नियाज अहमद, राम किशन और राजन शामिल हैं। सभी जमोग थाना रूपईडीहा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना रूपईडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।