अयोध्या के रूदौली तहसील क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक बैठक मवई ब्लॉक परिसर में तहसील अध्यक्ष रविशंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पहुंचे रूदौली विधायक रामचंद्र यादव व खंड विकास अधिकारी एके मिश्रा ने पंचायत में किसानों की समस्याएं सुनीं और उनका ज्ञापन लेते हुए समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान किसानों ने सात सूत्रीय मांगों को उठाया। ज्ञापन में नेवरा, सलारपुर, कोटवा और रालेपुर गांवों में छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाते हुए उन्हें पकड़वाकर गोशाला भेजने की मांग की गई। नेवरा गांव में जलभराव, कीचड़ और नालियों की सफाई न होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी दूर कराने की मांग भी की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना की सूची से अपात्रों के नाम हटाकर पात्रों को लाभ दिलाने, राशन कार्डों की जांच कर अपात्रों के कार्ड निरस्त करने और गरीब पात्र परिवारों के अंत्योदय कार्ड बनवाने की मांग उठाई गई। जबरवापुर में जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा नेवरा में चकमार्ग की मिट्टी पटाई कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। यूनियन पदाधिकारियों ने गांवों में नियमित सफाई कराने की मांग करते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की अपेक्षा जताई। बैठक में जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य, तहसील अध्यक्ष रविशंकर पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष राम सुरेश रावत, मंडल सचिव भोला सिंह टाइगर और तहसील मीडिया प्रभारी राजकुमार यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।