अयोध्या के रुदौली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो का रास्ता बंद होने से यात्रियों को हो रही परेशानी का मुद्दा बृहस्पतिवार को रेल जनसंवाद कार्यक्रम में उठा। एडीआरएम अधिकारी अजय वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने रास्ता खोलने के साथ ट्रेनों का ठहराव बहाल करने और यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष सतींद्र प्रकाश शास्त्री सहित स्थानीय नागरिकों ने कहा कि प्लेटफार्म नंबर दो से करीब 90 प्रतिशत यात्रियों का आवागमन होता है। रास्ता बंद होने से श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने स्टेशन पर पेयजल, शौचालय और टिकट काउंटर की समुचित व्यवस्था कराने की मांग भी उठाई। एरिया ऑफिसर अजय वर्मा ने बताया कि नागरिकों की सभी मांगें लिखित रूप में प्राप्त कर ली गई हैं। इन्हें उच्च अधिकारियों को भेजकर समस्याओं के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में स्टेशन मास्टर रामस्वरूप यादव, जीआरपी प्रभारी जितेंद्र यादव सहित रेलवे कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।