अयोध्या के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को नौ अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले मान्यवर कांशीराम श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए तारुन स्थित एक निजी मैरिज लॉन में विधानसभा स्तरीय बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर रणनीति बनाई गई। मुख्य जोन प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम ने उपेक्षित वर्गों को बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही सर्वसमाज के हितों को आगे बढ़ाया जा सकता है। जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र निषाद ने कहा कि बसपा ने हमेशा गरीब, वंचित और मजलूम वर्गों की आवाज उठाई है। बैठक में बसपा प्रमुख मायावती के शासनकाल की उपलब्धियों और कांशीराम के संघर्षों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार पासी, प्रदीप भारती, मोहम्मद मुस्लिम शेख, श्रीनाथ निषाद, वीरेंद्र गौतम, रविंद्र भारती, कन्हैयालाल, बाबूरामानंद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।