अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक दो सितंबर को मणिराम दास छावनी में होगी। बैठक में ट्रस्ट की कार्यप्रणाली से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें ट्रस्ट डीड और न्यास नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव सबसे महत्वपूर्ण है। इसके अलावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन के लिए गठित समिति की रिपोर्ट पर भी न्यासी विचार करेंगे। ट्रस्ट की ओर से जारी बैठक के एजेंडे में कुल 10 विषय शामिल हैं। बैठक दोपहर तीन बजे होगी। हालांकि, ट्रस्ट में रिक्त पदों पर सीधे नियुक्ति या चयन का कोई अलग प्रस्ताव एजेंडे में नहीं है। सीईओ के चयन के लिए गठित समिति की रिपोर्ट पर चर्चा और निर्णय का विषय भी शामिल है। चढ़ावा चोरी मामले में चल रही एसआईटी जांच की प्रगति की जानकारी भी न्यासियों को दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट में लंबित जनहित याचिका की अद्यतन स्थिति भी बैठक में रखी जाएगी। महासचिव दोनों मामलों से जुड़ी अब तक की जानकारी साझा करेंगे। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा परीक्षित आय-व्यय पत्रक और तुलन पत्रक के अनुमोदन का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। इसके अलावा धार्मिक, वित्त, प्रबंधन और निर्माण समितियों की ओर से लिए गए निर्णयों की प्रस्तुति और अनुमोदन होगा। राम मंदिर के लिए स्थानीय सुरक्षा समन्वय समिति के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया है। यह समिति महासचिव की अध्यक्षता में गठित की जाएगी। वहीं, ट्रस्ट के प्रेस प्रवक्ता के चयन का मामला अभी लंबित है और इसे अलग से एजेंडे में शामिल नहीं किया गया है।