अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बृहस्पतिवार को रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूदौली व मवई में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मरीजों को फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरुकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पूरा किया जा सकता है। लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर रवींद्र कुमार शुक्ला,प्रमोद द्विवेदी,आशीष शर्मा, कुलदीप सोनकर,राजकिशोर सिंह, राम नेवल लोधी, रामराज लोधी, शेखर गुप्ता सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।