फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में सरयू का जलस्तर घटा, कटे रास्तों से आवागमन की मजबूरी

अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर रविवार को धीरे-धीरे कम हुआ, लेकिन बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों की मुश्किलें अभी बरकरार हैं। रविवार सुबह 10 बजे सरयू का जलस्तर 92.620 मीटर दर्ज किया गया। खतरे का निशान 92.730 मीटर है। इस तरह नदी खतरे के निशान से 11 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जलस्तर कम होने से जहां लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं बाढ़ के पानी से कटे संपर्क मार्गों के कारण आवागमन की समस्या बनी हुई है। अब्बूपुर, कैथी माझा,कोयलावर और बरई जाने वाले कई मार्ग बाढ़ के पानी से कट गए हैं। रास्तों पर पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों को इसी पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। किसानों के सामने खेतों तक पहुंचने की समस्या भी बनी हुई है। जरूरी काम से गांव से बाहर जाने और वापस लौटने में भी ग्रामीणों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। ग्रामीण रामकरन और नागेंद्र सिंह ने बताया कि संपर्क मार्ग कट जाने से खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। पशुओं के लिए चारा और खेती से जुड़े काम के लिए भी पानी से होकर जाना पड़ रहा है। कैथी माझा और सल्लाहपुर के लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटे और बह गए रास्तों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सरयू नदी का जलस्तर कम हो रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करवाया जाएगा। जहां मार्ग बाढ़ के पानी से कट गए हैं या बह गए हैं, उन्हें ठीक कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में जल्द राहत मिल सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें