अंबेडकरनगर में हंसवर क्षेत्र के मुंडेरा गांव से लापता 13 वर्षीय साजिद के मामले में रविवार को कांग्रेस का 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उसके घर पहुंचा। जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष कुलदीप उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने साजिद के पिता रहीस से घटना की जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं के पहुंचने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। जिला उपाध्यक्ष कुलदीप उपाध्याय ने आरोप लगाया कि साजिद के परिजनों ने 11 सितंबर की देर शाम थाने में तहरीर दी थी, लेकिन तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उनका कहना है कि शुरुआती दौर में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की जाती तो संभव है कि बालक अब तक परिवार के बीच होता। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने टांडा से लापता किशोरी के प्रकरण में भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि दोनों मामलों में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। प्रतिनिधिमंडल में नियामुतुल्लाह, मोहम्मद रहीस, मिसबाहुद्दीन दीन अंसारी, लालमणि उपाध्याय, साधना नायक, सद्दाम, सुल्तान, सदाब अनवर, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद आजम, रामबचन और निजामुद्दीन आदि शामिल रहे।