आगरा के ग्वालियर हाईवे पर स्थित जौनई मोड़ पर शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की माैत हो गई, जबकि रिटायर्ड सैन्यकर्मी पति गंभीर रूप से घायल हो गए। सैंया थाना क्षेत्र के गांव बीरई निवासी हुब्बलाल (60) पत्नी वीनेश (55) के साथ बाइक से आगरा से गांव लौट रहे थे। जौनई मोड़ के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायल हुब्बलाल को एसएन मेडिकल कॉलेज और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान पुत्र अजय कुमार ने बताया कि हुब्बलाल सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके दो विवाहित पुत्र कुलदीप व अभिषेक और दो विवाहित पुत्रियां गुंजन व नीलम हैं। एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया पुलिस ने ट्रक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। परिजन की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।